23 मई से श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के द्वार
देहरादून।हिमालय की गोद में बसे सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई है। जिसके तहत आगामी 23 मई को गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे। ऐसे में गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है।
दरअसल, गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन से आगामी यात्रा सीजन की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की।जहां विस्तृत विचार विमर्श और वर्तमान मौसम स्थितियों का आकलन करने के बाद पवित्र गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 (शनिवार) को खोलने पर सहमति बनी।
बता दें कि गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, राज्य सरकार के समन्वय से यात्रा का संचालन करता है साथ ही तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रतूड़ा, जोशीमठ (ज्योतिर्मठ), गोविंदघाट और घांघरिया में अपनी धर्मशालाओं में मुफ्त ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था करता है।
