बहुगुणा आई एवं ई.एन.टी. केयर द्वारा निशुल्क नेत्र एवं रक्त जांच शिविर आयोजित
बहुगुणा आई एवं ई.एन.टी. केयर, नेहरू कॉलोनी देहरादून द्वारा बुधवार, 27 मई 2026 को बरोटीवाला, विकासनगर में मुस्कान फाउंडेशन के सहयोग से निदेशक डॉ. चिराग बहुगुणा के निर्देशन में एक निशुल्क नेत्र एवं रक्त जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में लगभग 84 मरीजों की आंखों की जांच तथा रक्त परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान अधिकांश मरीजों में बढ़ते मधुमेह के कारण होने वाले आंखों के रोग, मोतियाबिंद और आंखों से जुड़ी अन्य समस्याएं पाई गईं।
विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन और कंप्यूटर के बढ़ते उपयोग के कारण लोगों में स्क्रीन एक्सपोजर काफी बढ़ गया है। इसके परिणामस्वरूप कई लोग अनजाने में कंप्यूटर विजन सिंड्रोम, सूखी आंखों (ड्राई आई) और निकट दृष्टि दोष जैसी विभिन्न नेत्र संबंधी समस्याओं से प्रभावित हो रहे हैं।
इन समस्याओं की समय रहते पहचान और समाधान के उद्देश्य से बहुगुणा आई एवं ई.एन.टी. केयर द्वारा इस शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. चिराग बहुगुणा के निर्देशन में आयोजित शिविर में मरीजों को नियमित नेत्र जांच कराने की सलाह भी दी गई।
शिविर में केंद्र प्रबंधक विनोद शर्मा, ऑप्टोमेट्रिस्ट हिमांशु सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
