पीएम मोदी ने बताया विकास का सफर: 25 साल में चार गुना बढ़ा बिजली उत्पादन, सड़कें हुईं दोगुनी लंबी
देहरादून।राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 साल की विकास यात्रा की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्हाेंने कहा कि राज्य बनने के समय उत्तराखंड के सामने चुनौतियां कम नहीं थी। इन चुनौतियों से पार पाकर विकास में आगे बढ़ा है।
25 साल पहले उत्तराखंड का बजट सिर्फ चार हजार करोड़ रुपए था, जो आज बढ़कर एक लाख करोड़ के पार चला गया है। वहीं राज्य ने बिजली उत्पादन में चार गुना बढ़ाेतरी हासिल की है। सड़कों की लंबाई दोगुनी हुई है। राज्य गठन के समय छह महीने में चार हजार यात्री ही हवाई सेवाओं का इस्तेमाल कर पाते थे। आज राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार से अकेले एक दिन में चार हजार से अधिक यात्री हवाई सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। इन 25 वर्षों में इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 10 से ज्यादा बढ़ी है। तब राज्य में एक मेडिकल कॉलेज था, जो आज 10 हो चुके हैं। राज्य गठन के समय उत्तराखंड में टीकाकरण 25 प्रतिशत भी नहीं था। वर्तमान में हर गांव वैक्सीनेशन के दायरे में है।
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का कनेक्टिविटी से गहरा नाता है। राज्य में इस समय दो लाख करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रगति पर है। इसके अलावा दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेस- वे तैयार हो चुका है। गौरीकुंड से केदारनाथ, गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब रोपवे का शिलान्यास हो चुका है। ये सभी परियोजनाएं उत्तराखंड में विकास को नई गति देगी।
